नई दिल्ली, 24 अप्रैल। नशे के खिलाफ जंग को जनआंदोलन बनाने की दिशा में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को राजधानी भर में सप्ताहव्यापी जागरूकता अभियान ‘नशा – Not Cool’ का आगाज किया। अभियान के पहले ही दिन दिल्ली के 550 से अधिक स्कूलों के 1 लाख से ज्यादा छात्रों ने नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ लेकर एक नई मिसाल पेश की।
दिल्ली के विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रमों में छात्रों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान दिल्ली पुलिस के अधिकारी और जवान भी स्कूलों में मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे के दुष्परिणामों, इसके सामाजिक और व्यक्तिगत प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
दिल्ली पुलिस का मानना है कि युवा वर्ग समाज में बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम है। यही कारण है कि इस अभियान में स्कूली छात्रों को केंद्र में रखा गया है। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा निदेशालय, दिल्ली सरकार के सहयोग से निदेशक (शिक्षा) वेदिता रेड्डी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अभियान के तहत दिल्ली पुलिस द्वारा तैयार किया गया विशेष रैप-थीम सॉन्ग, जिसे गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने लॉन्च किया था, अब राजधानी के सिनेमाघरों और रेडियो प्लेटफॉर्म्स पर भी प्रसारित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
दिल्ली पुलिस ने राजधानीवासियों से इस जनहित अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशामुक्त दिल्ली के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की है।


