11 वर्षीय योग प्रतिभा देवांगी लालवानी का विशेष सम्मान, सिमरन आहूजा बनीं मीडिया प्रेस क्लब महाराष्ट्र की अध्यक्षा
नई दिल्ली। सिंधु समाज दिल्ली (पंजीकृत) द्वारा आयोजित भगवान श्री झूलेलाल जी के पावन चालीहा महोत्सव के 37वें दिन श्रद्धा, संस्कृति, सामाजिक एकता और युवा प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। वर्ष 2013 की मिस इंडिया एवं फिल्म अभिनेत्री सिमरन आहूजा ने महोत्सव में पहुंचकर भगवान श्री झूलेलाल जी के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
सिमरन आहूजा के आगमन पर सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के संस्थापक अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सुरेश केसवानी तथा सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया (उत्तर भारत) के अध्यक्ष अशोक लालवानी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने भी उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण मात्र 11 वर्ष की योग प्रतिभा देवांगी लालवानी का सम्मान रहा। छोटी सी उम्र में योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर देवांगी ने समाज का नाम रोशन किया है। उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने देवांगी को समाज की नई पीढ़ी और युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया (उत्तर भारत) के अध्यक्ष एवं मीडिया प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक लालवानी ने अभिनेत्री सिमरन आहूजा को मीडिया प्रेस क्लब महाराष्ट्र की अध्यक्षा मनोनीत किए जाने की घोषणा की। इस दौरान गुलाबी आंदोलन की अध्यक्षा रेहाना परवीन ने उन्हें नियुक्ति का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
सिंधु समाज दिल्ली (पंजीकृत) के अध्यक्ष श्री जगदीश नागरानी, महासचिव नरेश बेलानी सहित समाज के समस्त पदाधिकारियों ने सिमरन आहूजा को पारंपरिक पाखड़ पहनाकर सम्मानित किया और उनका अभिनंदन किया।
चालीहा महोत्सव के इस विशेष आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और समाज की प्रतिभाशाली नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्री झूलेलाल जी के जयघोष के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि चालीहा महोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, प्रतिभाओं को सम्मान देने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का भी एक सशक्त मंच है।


