आधिकारिक एंथम सॉन्ग ‘गोविंदा आला रे…’ और मैस्कॉट ‘मटकू’ लॉन्च, 3 और 4 सितंबर को यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा रोमांचक मुकाबला
नई दिल्ली।भारत की सदियों पुरानी मटकी फोड़ परंपरा को आधुनिक खेल प्रतियोगिता के रूप में नई पहचान देने वाली मटकी फोड़ लीग (MPL) सीजन-2 का भव्य आगाज हो गया है। इस लीग में खेल, संस्कृति, परंपरा और युवा शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
एनएससीआई क्लब, मथुरा रोड, नई दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान MPL के आधिकारिक एंथम सॉन्ग ‘गोविंदा आला रे…’ और लीग के आधिकारिक मैस्कॉट ‘मटकू’ को लॉन्च किया गया। आयोजकों ने बताया कि MPL सीजन-2 के मुकाबलों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स, वेव्स ओटीटी और प्रसार भारती स्पोर्ट्स के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
लीग के मुकाबले 3 और 4 सितंबर 2026 को पूर्वी दिल्ली स्थित यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सूरजमल विहार में आयोजित होंगे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए MPL के फाउंडर जय भगवान गोयल ने कहा कि ‘गोविंदा आला रे…’केवल एक उद्घोष नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, भारतीय संस्कृति, सामूहिक उत्साह और सदियों पुरानी परंपरा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि पिछले 23 वर्षों से आयोजित हो रहे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की परंपरा को इस वर्ष और अधिक भव्य तथा आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में मटकी फोड़ लीग सीजन-2 का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष लीग में 26 गोविंदा टीमें, जिनमें लड़कों और लड़कियों दोनों की टीमें शामिल होंगी, रोमांचक मुकाबले में हिस्सा लेंगी।
जय भगवान गोयल ने कहा कि मटकी फोड़ने की प्राचीन भारतीय परंपरा को आधुनिक खेल प्रतियोगिता के रूप में प्रस्तुत करने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। इसके साथ ही युवाओं में टीम भावना, अनुशासन, साहस, नेतृत्व, शारीरिक क्षमता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना भी लीग का महत्वपूर्ण लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि MPL केवल मटकी फोड़ने की प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि भारतीय परंपरा को खेल की आधुनिक भाषा में नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रयास है। यही कारण है कि इस आयोजन को युवाओं के लिए रोमांचक, प्रतिस्पर्धी और मनोरंजक बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान MPL का आधिकारिक एंथम सॉन्ग ‘गोविंदा आला रे…’ भी लॉन्च किया गया। इस गीत को बॉलीवुड के प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर रोमी ने अपनी आवाज दी है।
जोशीले संगीत और गोविंदा उत्सव के उत्साह से भरपूर यह एंथम सॉन्ग MPL के मुकाबलों में नई ऊर्जा और रोमांच भरने का काम करेगा। आयोजकों का कहना है कि इस गीत के माध्यम से देशभर के युवाओं को भारतीय संस्कृति, भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और पारंपरिक खेलों से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
MPL के को-फाउंडर मनदीप गोयल ने बताया कि आम जनता, विशेषकर बच्चों और युवाओं को लीग से जोड़ने के लिए MPL का आधिकारिक मैस्कॉट ‘मटकू’ तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि ‘मटकू’ दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को MPL सीजन-2 के बारे में जानकारी देगा और दिल्लीवासियों को इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेगा।
मनदीप गोयल ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में बच्चों और युवाओं को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना बेहद जरूरी है। MPL खेल और मनोरंजन के माध्यम से इसी दिशा में एक सकारात्मक और प्रभावी पहल है।
मटकी फोड़ लीग में शामिल गोविंदा टीमें अपनी शारीरिक क्षमता, संतुलन, रणनीति, समन्वय और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन करेंगी। ऊंचाई पर टंगी मटकी तक पहुंचने और उसे फोड़ने के लिए खिलाड़ियों को सामूहिक प्रयास और मजबूत तालमेल की आवश्यकता होगी।
आयोजकों ने बताया कि लीग को एक बड़े पेशेवर खेल आयोजन के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है और आईपीएल की तर्ज पर MPL की टीमें बेची जाएंगी।
MPL सीजन-2 के साथ कई प्रतिष्ठित संस्थान स्पॉन्सर के रूप में जुड़ चुके हैं। इनमें सिग्नेचर ग्लोबल, के.एल.जे. हाउस, पीसी ज्वैलर्स, ट्राईडेंट टेकलेब, कृषि रसायन, एसएमसी ग्लोबल, दीपाली डिजाइन्स एंड डेकोरेटर्स, बाहुबली ई-रिक्शा और एसकेजी फैमिली ऑफिस सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।
इन संस्थानों के सहयोग से मटकी फोड़ लीग को और अधिक भव्य और व्यापक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।
प्रेस वार्ता में संजय गोयल (एसकेजी फैमिली ऑफिस), राजेश गुप्ता (मल्टीकलर), दिनेश गोयल, जतिन गोयल (बाहुबली ई-रिक्शा) तथा सुप्रसिद्ध गायक शंकर साहनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
MPL सीजन-2 के जरिए एक बार फिर यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि भारत की प्राचीन परंपराएं केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें आधुनिक खेल प्रतियोगिताओं का स्वरूप देकर नई पीढ़ी के बीच लोकप्रिय बनाया जा सकता है। 3 और 4 सितंबर को यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाले मुकाबलों में गोविंदा टीमों का साहस, जोश, संतुलन और टीमवर्क दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहने वाला है।


