शादिपुर फ्लाईओवर के पास AATS सेंट्रल की टीम ने बिछाया जाल, पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश; अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद, हत्या और लूट समेत 15 आपराधिक मामलों में रहा है शामिल
नई दिल्ली। दिल्ली में गैंगवार और संगठित अपराध के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की AATS टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित गैंग लीडर प्रकाश उर्फ आकाश उर्फ चीनू (30) को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी को 13 नवंबर की रात करीब 12:45 बजे पटेल नगर स्थित शादिपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस निगरानी में अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, प्रकाश उर्फ चीनू थाना नबी करीम का घोषित बदमाश (BC) है और पिछले काफी समय से फरार चल रहा था। वह 13 सितंबर 2026 को बाबा रामदेव जी की शोभायात्रा के दौरान दो प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के मामले में वांछित था।
मामले की शुरुआत 13 सितंबर को हुई थी, जब नायक समाज के लोगों ने बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव पर शोभायात्रा निकाली थी। शोभायात्रा जब झंडेवालान रोड पहुंची तो थाना सदर बाजार क्षेत्र के विकास कालिया गैंग और थाना नबी करीम क्षेत्र से जुड़े प्रकाश उर्फ चीनू गैंग के सदस्यों के बीच विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच पथराव, मारपीट और गोलीबारी हुई। इस दौरान एक महिला और उसके परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। घटना के संबंध में थाना नबी करीम में FIR नंबर 410/2026 और थाना सदर बाजार में FIR नंबर 908/2026 दर्ज की गई थी।

दिल्ली पुलिस को 12 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी शादिपुर फ्लाईओवर के पास अपने एक साथी से मिलने आने वाला है। इसके बाद इंस्पेक्टर संदीप डबास के नेतृत्व में AATS सेंट्रल की टीम ने ACP ऑपरेशंस सुनील कुमार की निगरानी में इलाके में जाल बिछाया।
13 नवंबर को रात करीब 12:45 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। मुखबिर ने उसकी पहचान प्रकाश उर्फ चीनू के रूप में की। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। एक गोली कांस्टेबल मुकुल के हाथ के बेहद करीब से निकली। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे काबू कर लिया और अस्पताल पहुंचाया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इससे पहले 28 सितंबर को स्पेशल स्टाफ सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने विकास कालिया गैंग के दो प्रमुख सदस्यों मुकेश और आकाश उर्फ मट्ठी को करनैल सिंह स्टेडियम के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। उस दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी थी। पुलिस ने उनके पास से दो अवैध हथियार, कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की थी।
वहीं, प्रकाश उर्फ चीनू की गिरफ्तारी के साथ दोनों प्रतिद्वंद्वी गैंग के प्रमुख सदस्यों पर पुलिस का शिकंजा कस गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, प्रकाश उर्फ आकाश उर्फ चीनू के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी ने शुरुआती दौर में चोरी और झपटमारी जैसी वारदातों से अपराध की दुनिया में कदम रखा था और बाद में गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया।
डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, दोनों गैंग के खिलाफ लगातार कार्रवाई का उद्देश्य इलाके में गैंगवार, आपराधिक गतिविधियों और सार्वजनिक शांति भंग करने वाली घटनाओं पर रोक लगाना है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से सदर बाजार, नबी करीम और पहाड़गंज इलाके के लोगों को राहत मिलेगी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।


