Thursday, July 2, 2026
spot_img
HomeNewsमहिला कबड्डी को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच, एशियन कबड्डी लीग ने लॉन्च किया...

महिला कबड्डी को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच, एशियन कबड्डी लीग ने लॉन्च किया ‘AKL – वीमेन्स चैप्टर 1’; 1 से 16 अगस्त तक सोनी पर होगा प्राइम टाइम प्रसारण

नई दिल्ली,भारतीय महिला कबड्डी के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। एशियन कबड्डी लीग (AKL) ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित संविधान क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ‘AKL – वीमेन्स चैप्टर 1’ का आधिकारिक शुभारंभ किया। यह महिलाओं के लिए समर्पित अंतरराष्ट्रीय प्रोफेशनल कबड्डी लीग होगी, जिसका आयोजन 1 से 16 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। लीग का सीधा प्रसारण सोनी पर प्राइम टाइम में होगा, जिससे देश और विदेश के दर्शक महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा का प्रदर्शन देख सकेंगे।

इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि यह लीग केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि महिला कबड्डी को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। लंबे समय से महिला खिलाड़ियों को पुरुष खिलाड़ियों की तरह प्रोफेशनल मंच नहीं मिल पा रहा था, लेकिन अब एशियन कबड्डी लीग उस कमी को दूर करने का प्रयास कर रही है।

इस लीग का आयोजन एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI), साउथ ईस्ट एशियन कबड्डी फेडरेशन (SEAKF) तथा झारखंड, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश की राज्य कबड्डी संघों के सहयोग से किया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इन सभी फेडरेशन और राज्य संघों के प्रतिनिधियों को उनके सहयोग और खेल के विकास में योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।

आयोजकों ने कहा कि विभिन्न राज्यों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के सहयोग से यह लीग भविष्य में महिला कबड्डी के लिए एक मजबूत और स्थायी मंच बन सकती है।

कार्यक्रम में बताया गया कि दुनिया की अधिकांश प्रोफेशनल कबड्डी लीग पुरुष खिलाड़ियों पर केंद्रित रही हैं। ऐसे में AKL – वीमेन्स चैप्टर 1 महिला खिलाड़ियों को समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

लीग का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। इससे उन्हें पेशेवर माहौल में खेलने, बेहतर प्रशिक्षण पाने, आर्थिक अवसर हासिल करने और अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का अवसर मिलेगा। यह पहल महिला सशक्तिकरण और खेलों में लैंगिक समानता के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप भी मानी जा रही है।

एशियन कबड्डी लीग के प्रेसिडेंट – ग्रोथ एंड मीडिया विक्रम विजय चंदन ने कहा कि लीग में एशिया की सर्वश्रेष्ठ महिला कबड्डी खिलाड़ी और टीम प्रबंधन एक साथ दिखाई देंगे।

उन्होंने कहा कि सोनी जैसे प्रतिष्ठित ब्रॉडकास्टर के साथ प्राइम टाइम प्रसारण महिला कबड्डी के लिए बड़ा अवसर है। इससे खेल को देशभर में व्यापक दर्शक मिलेंगे और महिला खिलाड़ियों को वह सम्मान एवं पहचान मिलेगी जिसकी वे लंबे समय से हकदार रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लीग आने वाले वर्षों में महिला कबड्डी का सबसे बड़ा मंच बनकर उभरेगी।

एशियन कबड्डी लीग के चेयरमैन डॉ. प्रवीण शेट्टी ने कहा कि लीग की स्थापना इस विश्वास के साथ की गई है कि प्रतिभा किसी क्षेत्र या वर्ग की मोहताज नहीं होती।

उन्होंने कहा कि देश और एशिया के विभिन्न हिस्सों में कई प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते। AKL का उद्देश्य ऐसी खिलाड़ियों को एक पेशेवर मंच देना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सुमन शोकीन ने लीग की शुरुआत को महिला खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक बताया।उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ी कई वर्षों से इस स्तर की किसी प्रोफेशनल लीग का इंतजार कर रही थीं। अब AKL के माध्यम से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस लीग को देखकर देशभर की हजारों युवा लड़कियां कबड्डी को अपने करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित होंगी।

सुमन शोकीन ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के विकास के लिए लगातार उच्च स्तर की प्रतियोगिताएं जरूरी होती हैं और यह लीग उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।

कार्यक्रम में मौजूद नारायणन ने आयोजकों और सभी राज्य कबड्डी संघों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से तमिलनाडु कबड्डी एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि इस लीग में दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के खिलाड़ी भारतीय खिलाड़ियों के साथ खेलेंगे।

उनके अनुसार अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी से प्रतियोगिता का स्तर और अधिक ऊंचा होगा तथा खिलाड़ियों को विभिन्न देशों की खेल शैली सीखने का अवसर मिलेगा। इससे महिला कबड्डी को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी मजबूत होगा।

खेल विशेषज्ञों का मानना है कि AKL – वीमेन्स चैप्टर 1भारतीय महिला कबड्डी के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय भागीदारी, प्रोफेशनल प्रबंधन, बड़े प्रसारण मंच और विभिन्न राज्यों के सहयोग के साथ यह लीग महिला खिलाड़ियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी।

1 से 16 अगस्त तक होने वाली इस प्रतियोगिता से न केवल खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा, बल्कि महिला कबड्डी की लोकप्रियता भी देश और एशिया में तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। यदि यह पहला संस्करण सफल रहता है, तो भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित किए जाने की संभावना भी मजबूत होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments