नई दिल्ली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शुक्रवार को ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित इस्कॉन मंदिर में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ, सांसद बांसुरी स्वराज सहित दिल्ली भाजपा के कई नेता भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण से देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस्कॉन मंदिर प्रबंधन की ओर से भाजपा नेताओं का स्वागत किया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष आयोजन किए गए।


