नई दिल्ली, 24 जून। राजधानी दिल्ली में उच्च शिक्षा के क्षेत्र को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में डॉ. बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय (एयूडी) के नए कैंपस के निर्माण को मंजूरी दे दी गई। उत्तर दिल्ली के धीरपुर में बनने वाले इस अत्याधुनिक परिसर पर करीब 1,668 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
करीब 50 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह नया कैंपस चरणबद्ध तरीके से तैयार किया जाएगा। पहले चरण में 5,400 छात्रों के लिए शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जबकि भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर लगभग 8,000 छात्रों तक की जाएगी। परियोजना में 840 छात्रों के लिए छात्रावास, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के आवास, आधुनिक शैक्षणिक भवन, केंद्रीय पुस्तकालय, प्रशासनिक ब्लॉक, खेल सुविधाएं तथा 2,500 सीटों वाला भव्य ऑडिटोरियम भी शामिल है।
- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शिक्षा किसी भी विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव होती है और दिल्ली सरकार युवाओं को बेहतर एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि धीरपुर कैंपस न केवल उच्च शिक्षा की बढ़ती जरूरतों को पूरा करेगा बल्कि आधुनिक, समावेशी और टिकाऊ शैक्षणिक वातावरण का नया मानक भी स्थापित करेगा।

परियोजना की खास बात यह है कि इसे पर्यावरण अनुकूल मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। कैंपस को जीआरआईएचए 5-स्टार ग्रीन रेटिंग के अनुरूप डिजाइन किया गया है, जिसमें सौर एवं भू-तापीय ऊर्जा का उपयोग, वर्षा जल संचयन, अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण और उन्नत जल संरक्षण प्रणालियां शामिल होंगी।
बैठक में लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, शिक्षा मंत्री आशीष सूद और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। परियोजना के निर्माण और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नए भवन बनाना नहीं, बल्कि ऐसे संस्थान विकसित करना है जहां छात्रों को विश्वस्तरीय शिक्षा, शोध, नवाचार और व्यक्तित्व विकास के अवसर मिल सकें। उनका कहना था कि नया कैंपस दिल्ली को देश के प्रमुख शिक्षा केंद्रों में और अधिक मजबूत पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।


