नई दिल्ली।महबूब-ए-इलाही हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया रहमतुल्लाहि अलैह के 812वें गुस्ल-ए-शरीफ़ और विलादत-ए-मुबारक के पुरनूर मौके पर दिल्ली स्थित हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया की दरगाह में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी। देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह पहुंचे और चादर व फूल पेश कर अपनी अकीदत का इज़हार किया। इस मौके पर मुल्क में अमन, खुशहाली, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआएं की गईं।
दरगाह हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया महबूब-ए-इलाही के चेयरमैन सैयद अफसर अली निज़ामी ने 812वें गुस्ल-ए-शरीफ़ के मौके पर कहा कि यह दिन बेहद मुबारक और रूहानी अहमियत रखता है। उन्होंने बताया कि हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया रहमतुल्लाहि अलैह की विलादत का यह मुबारक दिन अकीदतमंदों के लिए बेहद खास है। इसी खुशी में गुस्ल-ए-शरीफ़ की रस्म अदा की जाती है और बड़ी संख्या में लोग दरगाह पहुंचकर अपनी अकीदत पेश करते हैं।
सैयद अफसर अली निज़ामी ने कहा कि हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया रहमतुल्लाहि अलैह की दरगाह सदियों से मोहब्बत, इंसानियत, अमन और भाईचारे का पैगाम देती आई है। यहां हर मजहब और तबके के लोग अपनी मुरादें लेकर पहुंचते हैं और रूहानी फैज़ हासिल करते हैं। 812वें गुस्ल-ए-शरीफ़ के मौके पर भी लाखों अकीदतमंदों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
उन्होंने कहा कि इस मुबारक मौके पर खास तौर पर देश की खुशहाली और अमन-ओ-आमान के लिए दुआ की गई। इसके साथ ही समाज में आपसी भाईचारा, मोहब्बत और एकता कायम रहने तथा देश में तरक्की और खुशहाली आने की भी दुआ मांगी गई।
दरगाह परिसर में गुस्ल-ए-शरीफ़ की रस्म के दौरान रूहानी और खुशनुमा माहौल देखने को मिला। अकीदतमंदों ने बड़ी श्रद्धा और एहतराम के साथ इस मुबारक मौके में शिरकत की। लोगों ने हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया रहमतुल्लाहि अलैह की चौखट पर हाज़िरी देकर देश और दुनिया में अमन की दुआ की।
सैयद अफसर अली निज़ामी ने कहा कि हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया का पैगाम मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे का पैगाम है। आज जरूरत है कि हम उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज में मोहब्बत और आपसी सद्भाव को मजबूत करें।
812वें गुस्ल-ए-शरीफ़ के अवसर पर दरगाह में दिनभर अकीदतमंदों की आवाजाही बनी रही और पूरे माहौल में धार्मिक एवं रूहानी रंग दिखाई दिया। इस दौरान लोगों ने अपने परिवार, समाज, देश और पूरी दुनिया की सलामती के लिए दुआएं मांगीं।


