दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश महासचिव सर्वेश कश्यप ने सोमवार को कार्यकर्ताओं से अपील की है और कहा कि प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार के निर्देश पर सभी एकजुट हो कर पार्टी की सदस्यता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। श्री कश्यप ने आज बयान जारी कर कहा कि पार्टी के तमाम कार्यकर्ता 2025-28 के बीच पार्टी की सदस्यता अभियान को मनोयोग और समर्पण के साथ जुट जाएं और बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए एक सप्ताह में 5 लाख से अधिक सदस्य बनाने के लक्ष्य को हासिल करना है। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी को मजबूत करना इसलिए भी आवश्यक है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक न्याय के साथ विकास की विचारधारा को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जा सके। जदयू प्रदेश महासचिव सर्वेश ने दावा किया कि उनकी पार्टी देश की एकमात्र राजनीतिक पार्टी है, जो समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और समाज के अंतिम पंक्ति तक खड़े लोगों के कल्याण की नीति पर चलती है।
उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में जदयू का हर कार्यकर्ता राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, डॉ. अंबेडकर, जननायक कर्पूरी ठाकुर, लोकनायक जय प्रकाश नारायण (जेपी) और डॉ. लोहिया के सिद्धांतों पर चलते हुए बेहतर समाज के निर्माण के प्रति संकल्पित है। उन्होंने कहा कि सत्ता की बागडोर संभालने के बाद मुख्यमंत्री श्री कुमार जनसेवा और सुशासन के मार्ग पर चलते हुए बिहार के विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ पिछड़े और वंचित समाज को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। श्री कश्यप ने कहा कि सदस्यता अभियान 2025-28 का लक्ष्य नए साथियों, विशेषकर आधी आबादी और युवा वर्ग को पार्टी के करीब ला कर जदयू की विचारधारा तथा श्री कुमार के विकास कार्यों और 20 वर्षों की उपलब्धियों को दिल्ली के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।
प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार द्वारा शनिवार को भव्य कार्यक्रम कर महासदस्यता अभियान का आगाज़ किया था। जिसमे अन्य पार्टियों से एक साथ 500 कार्यकर्ताओं ने जदयू का दामन थामा था। आगामी एक सप्ताह में प्रदेशभर से 5 लाख सदस्यों को जोड़ने के लक्ष्य के साथ दिल्ली प्रदेश भर के कार्यकर्ता भारी उत्साह के साथ महासदस्यता अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लें।


