नई दिल्ली, 12 फरवरी 2026।
दिल्ली पुलिस क्रिकेट टीम ने करनाल, हरियाणा में आयोजित 2nd ऑल इंडिया पुलिस T20 क्रिकेट टूर्नामेंट (नॉर्थ ज़ोन) का खिताब जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। फाइनल मुकाबले में दिल्ली पुलिस ने RPF टीम को हराकर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की।
टूर्नामेंट के दौरान दिल्ली पुलिस का प्रदर्शन बेहद दमदार और लगातार प्रभावशाली रहा। टीम ने पूल-ए में हिमाचल प्रदेश पुलिस, RPF, BSF और हरियाणा पुलिस को हराकर सभी लीग मैच जीते और सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में पंजाब पुलिस को मात देकर टीम फाइनल में पहुंची।
फाइनल मुकाबले में दिल्ली पुलिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। RPF की टीम को 137 रनों पर रोक दिया गया। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली पुलिस ने 138 रन का टारगेट सिर्फ 14.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
दिल्ली पुलिस के बल्लेबाज मनीष ढिल्लों ने शानदार पारी खेलते हुए 41 गेंदों में 63 रन बनाए। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ और ‘बेस्ट बैट्समैन’ का पुरस्कार दिया गया।
दिल्ली पुलिस की इस जीत से न केवल टीम का मनोबल बढ़ा है, बल्कि पूरे विभाग के लिए यह गर्व का क्षण है। टीम के खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।


