-
- टिहरी झील बनेगी एडवेंचर और पर्यटन का वैश्विक हब, ‘टिहरी लेक फेस्टिवल’ का भव्य आगाज; कोटी-नई टिहरी रोपवे की घोषण
नई टिहरी, संवाददाता।
हिमालय की गोद में बसे उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल टिहरी झील के किनारे शुक्रवार को ‘हिमालयन 0.2 टिहरी लेक फेस्टिवल’ का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आने वाले समय में टिहरी झील देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कोटी कालोनी से नई टिहरी तक रोपवे निर्माण की घोषणा भी की। साथ ही कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग का वर्चुअल शिलान्यास किया, जिसकी अनुमानित लागत करीब 318 करोड़ रुपये है और इसकी लंबाई लगभग 15 किलोमीटर होगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों और मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिकता, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध लोक संस्कृति के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। टिहरी झील के तट पर आयोजित यह महोत्सव पर्यटन, खेल और स्थानीय संस्कृति को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि हिमालय की वादियों में स्थित टिहरी झील प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए भी तेजी से उभर रही है। यहां कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरा-सेलिंग और स्कूबा डाइविंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है, बल्कि उत्तराखंड को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान भी मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार का लक्ष्य टिहरी को वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स का बड़ा केंद्र बनाना है। इसके लिए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे राज्य के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। वर्तमान में टिहरी क्षेत्र में 400 से अधिक युवा पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि टिहरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगभग 1300 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इनमें टिहरी झील का विकास, रिंग रोड निर्माण और तिमाड़ गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करना शामिल है। साथ ही भिलंगना विकासखंड के सुनारगांव को आदर्श ग्राम बनाने और विशिष्ट पहाड़ी शैली में नया आंगनबाड़ी भवन बनाने का कार्य भी किया जा रहा है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
9 मार्च तक चलेंगी गतिविधियां
टिहरी लेक फेस्टिवल में 9 मार्च तक साहसिक खेलों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पर्यटन गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के खिलाड़ी और पर्यटक हिस्सा ले रहे


