नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में सीवर लाइन निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 6 मार्च 2026 को ट्रॉमा सेंटर से दिल्ली पुलिस के थाना सोनिया विहार को सूचना मिली कि सीवर लाइन निर्माण स्थल पर काम करते समय घायल हुए एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया है। घायल की पहचान अफजल (26) पुत्र साबिर, निवासी मेरठ के रूप में हुई है। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि अफजल तीसरे पुश्ते पर चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
थाना सोनिया विहार पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।


