नई दिल्ली,दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के खिताबी मुकाबले का मंच सज चुका है। रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में सेंट्रल दिल्ली किंग्स और साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के बीच ट्रॉफी के लिए रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा।
दोनों टीमों की नजरें अब DPL 2026 के खिताब पर हैं। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने क्वालीफायर-1 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स को हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, किंग्स ने क्वालीफायर-2 में पुरानी दिल्ली 6 को शिकस्त देकर शानदार वापसी की और फाइनल का टिकट हासिल किया।
फाइनल मुकाबले से पहले अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाला क्लोजिंग सेरेमनी भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगा। लोकप्रिय गायक अबीर अरोड़ा और पल्लवी सेठ के साथ तबला वादक मन्ननजोत सिंह अपनी प्रस्तुति से क्रिकेट प्रेमियों का मनोरंजन करेंगे।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के कप्तान तेजस्वी दहिया ने फाइनल को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि टीम दबाव से दूर रहकर अपनी योजनाओं पर अमल करने की कोशिश करेगी।
उन्होंने कहा कि पूरी टीम फाइनल के लिए उत्साहित है और खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। उनके मुताबिक फाइनल निश्चित तौर पर खास मौका है, लेकिन टीम नतीजे के बारे में ज्यादा सोचने के बजाय अपने बेसिक्स पर ध्यान देगी और उसी क्रिकेट को खेलने की कोशिश करेगी, जैसा उसने पूरे टूर्नामेंट में खेला है।
वहीं, सेंट्रल दिल्ली किंग्स के कप्तान जोंटी सिद्धू ने भी टीम को अतिरिक्त दबाव से बचाने पर जोर दिया। क्वालीफायर-2 में पुरानी दिल्ली 6 के खिलाफ मैच जिताऊ ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले सिद्धू ने कहा कि टीम फाइनल को भी एक सामान्य मुकाबले की तरह ही लेगी।
उन्होंने कहा कि फाइनल निश्चित रूप से बड़ा अवसर है और हर खिलाड़ी ट्रॉफी जीतना चाहता है, लेकिन खुद पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालने से टीम की रणनीति प्रभावित हो सकती है। टीम ने यहां तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है और अब उसका लक्ष्य अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखते हुए योजनाओं को मैदान पर सही तरीके से लागू करना होगा।
सेंट्रल दिल्ली किंग्स और साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के बीच फाइनल से पहले क्वालीफायर-1 में भी भिड़ंत हो चुकी है, जिसमें साउथ दिल्ली की टीम ने बाजी मारी थी। हालांकि, किंग्स ने क्वालीफायर-2 में जोरदार वापसी करते हुए पुरानी दिल्ली 6 को हराया।
अब दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी। इस बार मुकाबला सिर्फ जीत-हार का नहीं, बल्कि DPL 2026 की ट्रॉफी का है। ऐसे में रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाला यह फाइनल क्रिकेट प्रशंसकों के लिए सीजन के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक होने की उम्मीद है।


