नई दिल्ली,भारत की सबसे बड़ी प्रीमियम सिनेमा प्रदर्शक कंपनी पीवीआर आईनॉक्स ने देश में सिनेमा प्रदर्शनी के नए दौर की शुरुआत करते हुए ‘पीवीआर आईनॉक्स स्मार्ट सिनेमाज’ का अनावरण किया है। इस नई पहल का उद्देश्य भारत के तेजी से विकसित हो रहे टियर-3 शहरों के दर्शकों तक विश्वस्तरीय सिनेमा अनुभव पहुंचाना है। कंपनी का कहना है कि यह पहल न केवल आधुनिक सिनेमाई तकनीक को छोटे शहरों तक ले जाएगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार, निवेश और मनोरंजन के बुनियादी ढांचे को भी मजबूती देगी।
कंपनी ने बताया कि पीवीआर आईनॉक्स स्मार्ट सिनेमाज विशेष रूप से उन उभरते शहरों के लिए तैयार किया गया है, जहां लोगों की आय, खर्च करने की क्षमता और बेहतर मनोरंजन सुविधाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। इस नई अवधारणा के जरिए पीवीआर आईनॉक्स अपने प्रीमियम सिनेमाई अनुभव को अधिक सुलभ और किफायती स्वरूप में उपलब्ध कराएगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत उत्तर बिहार के प्रमुख वाणिज्यिक और शैक्षणिक शहर मुजफ्फरपुर से की जा रही है। कंपनी के अनुसार, मुजफ्फरपुर तेजी से विकसित हो रहे रिटेल बाजार, उद्यमशीलता और बढ़ती उपभोक्ता मांग के कारण इस नई पहल के लिए उपयुक्त स्थान है। यहां का पहला स्मार्ट सिनेमा देशभर में इस मॉडल के विस्तार की दिशा में पहला कदम होगा।
पीवीआर आईनॉक्स स्मार्ट सिनेमाज का विस्तार एफओसीओ (Franchise Owned, Company Operated) मॉडल के तहत किया जाएगा। इस मॉडल में निवेश स्थानीय डेवलपर्स और उद्यमी करेंगे, जबकि संचालन और प्रबंधन पीवीआर आईनॉक्स की ओर से किया जाएगा। कंपनी का मानना है कि इससे कम पूंजी में तेजी से विस्तार संभव होगा और साझेदारों को भी दीर्घकालिक व्यावसायिक लाभ मिलेगा।
कंपनी ने अगले नौ महीनों में देशभर में छह और स्मार्ट सिनेमा परियोजनाओं पर हस्ताक्षर करने की जानकारी दी है। इसके अलावा कई अन्य शहरों में डेवलपर्स के साथ बातचीत भी अंतिम चरण में है।
पीवीआर आईनॉक्स स्मार्ट सिनेमाज में दर्शकों को आधुनिक तकनीक से लैस सिनेमा अनुभव मिलेगा। इसमें 2K लेजर प्रोजेक्शन, इमर्सिव 7.1 सराउंड साउंड, आधुनिक एवं स्वच्छ ऑडिटोरियम, सुरक्षित वातावरण और बेहतर खाद्य एवं पेय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कंपनी का दावा है कि यह अनुभव बड़े महानगरों के मल्टीप्लेक्स जैसा होगा, लेकिन इसे छोटे शहरों की आवश्यकताओं और बजट के अनुरूप तैयार किया गया है।
लॉन्च के अवसर पर आयोजित विशेष नेतृत्व संवाद में पीवीआर आईनॉक्स के वरिष्ठ अधिकारियों और साझेदारों ने भारत में सिनेमा उद्योग के भविष्य पर चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन एवियन डब्ल्यूई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिवराज परशाद ने किया।
इस संवाद में पीवीआर आईनॉक्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय बिजली, कार्यकारी निदेशक संजीव कुमार बिजली, स्मार्ट सिनेमाज के मुख्य रणनीतिक सलाहकार एवं सीईओ रेनॉ पेलिएर, मुख्य विकास अधिकारी मनीष गौर, तथा मुजफ्फरपुर स्थित आइकॉन प्लाजा मॉल के निदेशक अमर नाथ पांडेय और राघव पांडेय शामिल हुए।
पीवीआर आईनॉक्स के प्रबंध निदेशक अजय बिजली ने कहा कि पिछले तीन दशकों में कंपनी ने भारत में सिनेमा देखने के अनुभव को नई पहचान दी है। अब स्मार्ट सिनेमाज के माध्यम से इस अनुभव को देश के तेजी से विकसित हो रहे टियर-3 शहरों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज छोटे शहरों के दर्शक भी वही विश्वस्तरीय मनोरंजन चाहते हैं जो महानगरों में उपलब्ध है और कंपनी का लक्ष्य इसी मांग को पूरा करना है।
कार्यकारी निदेशक संजीव कुमार बिजली ने कहा कि भारत में सिनेमा के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। स्मार्ट सिनेमाज का पूंजी-कुशल मॉडल कंपनी और उसके साझेदारों को मिलकर नए शहरों में तेजी से विस्तार करने का अवसर देगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक प्रीमियम सिनेमा अनुभव पहुंच सकेगा।
कंपनी का मानना है कि स्मार्ट सिनेमाज के विस्तार से नए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, राज्यों और स्थानीय निकायों के कर राजस्व में वृद्धि होगी तथा संगठित मनोरंजन अवसंरचना को मजबूती मिलेगी। साथ ही जिन शहरों में ये सिनेमा शुरू होंगे, वहां के रिटेल और व्यावसायिक इकोसिस्टम को भी गति मिलेगी।
पीवीआर आईनॉक्स का यह नया कदम भारत के छोटे और उभरते शहरों में आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे आने वाले वर्षों में देश के लाखों दर्शकों को अपने शहर में ही विश्वस्तरीय मल्टीप्लेक्स अनुभव मिलने की उम्मीद है।


