Wednesday, August 12, 2026
Google search engine
HomeDelhiसार्थक रंजन और वैभव कंडपाल की शानदार पारियों से नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स...

सार्थक रंजन और वैभव कंडपाल की शानदार पारियों से नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की 8 विकेट से धमाकेदार जीत

नई दिल्ली,Delhi Premier League (डीपीएल) 2026 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने शानदार और एकतरफा प्रदर्शन करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस को 8 विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली के गेंदबाजों ने पहले वेस्ट दिल्ली लायंस को 146/7 के स्कोर पर रोक दिया, जिसके बाद कप्तान सार्थक रंजन और वैभव कंडपाल की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस की शुरुआत ठीक रही। टीम ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े, लेकिन अंकित कुमार के 10 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट होते ही पारी की लय बिगड़ गई। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट चटकाते हुए वेस्ट दिल्ली को दबाव में ला दिया।

देखते ही देखते वेस्ट दिल्ली लायंस का स्कोर 59 रन पर 5 विकेट हो गया। इसके बाद मयंक गुसाईं और सोमबीर श्योकंद ने छठे विकेट के लिए 68 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संभाला। सोमबीर श्योकंद ने 24 गेंदों पर 34 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि मयंक गुसाईं 28 गेंदों पर 42 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों की साझेदारी की बदौलत वेस्ट दिल्ली लायंस 20 ओवर में 7 विकेट पर 146 रन तक पहुंचने में सफल रही।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से मयंक डागर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में शानदार गेंदबाजी करते हुए केवल 14 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।

147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने शुरुआत से ही मुकाबले पर अपनी पकड़ बना ली। कप्तान सार्थक रंजन और वैभव कंडपाल ने वेस्ट दिल्ली के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और पहले विकेट के लिए 106 रनों की शानदार साझेदारी की।

सार्थक रंजन ने कप्तानी पारी खेलते हुए मात्र 30 गेंदों पर 57 रन बनाए। उनकी पारी में आक्रामक शॉट्स और बेहतरीन टाइमिंग देखने को मिली। उनके आउट होने के बाद भी वैभव कंडपाल ने बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाले रखी और विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।

वैभव कंडपाल ने शानदार संयम और आक्रामकता का प्रदर्शन करते हुए 43 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए और टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने बेहद आराम से लक्ष्य हासिल करते हुए 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने डीपीएल 2026 में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। टीम ने गेंदबाजी, बल्लेबाजी और साझेदारी—तीनों विभागों में शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस को मुकाबले में वापसी का कोई बड़ा मौका नहीं दिया।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments