यूपीटी20 सीजन-4 की नीलामी के बाद दो बार की चैंपियन काशी रुद्रास ने अपने 18 सदस्यीय दल को अंतिम रूप दे दिया है। टीम ने पहले से रिटेन किए गए 12 खिलाड़ियों के साथ छह नए खिलाड़ियों को शामिल कर अपनी टीम को संतुलित और मजबूत बनाया है। फ्रेंचाइजी का लक्ष्य इस सीजन में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करना है।
नीलामी में काशी रुद्रास की सबसे बड़ी खरीद ऑलराउंडर मोहम्मद शरीम रहे, जिन्हें फ्रेंचाइजी ने 17.50 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। इसके अलावा गेंदबाज वैभव चौधरी, ऑलराउंडर विजय यादव और विराट जायसवाल, तथा बल्लेबाज मानव सिंधु और साहब युवराज सिंह को भी टीम में शामिल किया गया। इन खिलाड़ियों के आने से टीम को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन तीनों विभागों में अतिरिक्त मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नीलामी के बाद काशी रुद्रास के प्रतिनिधि सुखविंदर सिंह ने कहा कि टीम प्रबंधन ने जिन खिलाड़ियों को शामिल करने की योजना बनाई थी, उनमें अधिकांश लक्ष्य पूरे करने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि हर नया सीजन नई चुनौतियां लेकर आता है। दो बार चैंपियन बनने के बावजूद टीम किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी और पूरे समर्पण के साथ मैदान पर उतरेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम का युवा और मेहनती समूह इस बार भी शानदार प्रदर्शन करेगा।
टीम निर्माण के साथ-साथ काशी रुद्रास ने जमीनी स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया है। फ्रेंचाइजी ने ‘रुद्रास कप’की शुरुआत की है, जो किसी यूपीटी20 फ्रेंचाइजी द्वारा आयोजित अपनी तरह का पहला क्षेत्रीय स्काउटिंग टूर्नामेंट है। इस पहल के जरिए उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और उन्हें काशी रुद्रास के स्काउटिंग नेटवर्क से जुड़ने का मंच भी प्राप्त होगा। फ्रेंचाइजी का मानना है कि यह पहल भविष्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी।
नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब काशी रुद्रास का पूरा ध्यान आगामी सीजन की तैयारियों पर रहेगा। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि अनुभव और युवा जोश का यह संतुलित मिश्रण उन्हें लगातार तीसरी बार खिताब जीतने की दौड़ में मजबूत दावेदार बनाएगा।
करण शर्मा (कप्तान), अभिषेक गोस्वामी, उपेंद्र यादव, अटल बिहारी राय, शुभम चौबे, कार्तिक यादव, सुनील कुमार, सक्षम राय, उवैस अहमद, ऋषभ राजपूत, दीपांशु यादव और अर्नव बलियान।
नीलामी में शामिल किए गए खिलाड़ी
मोहम्मद शरीम (ऑलराउंडर) – ₹17.50 लाख
वैभव चौधरी (गेंदबाज) – ₹5 लाख
विजय यादव (ऑलराउंडर) – ₹5.20 लाख
विराट जायसवाल (ऑलराउंडर) – ₹2.50 लाख
मानव सिंधु (बल्लेबाज) – ₹3.50 लाख
साहब युवराज सिंह (बल्लेबाज) – ₹3.50 लाख
काशी रुद्रास की पूरी टीम (यूपीटी20 सीजन-4)करण शर्मा (कप्तान), अभिषेक गोस्वामी, उपेंद्र यादव, अटल बिहारी राय, शुभम चौबे, कार्तिक यादव, सुनील कुमार, सक्षम राय, उवैस अहमद, ऋषभ राजपूत, दीपांशु यादव, अर्नव बलियान, मोहम्मद शरीम, वैभव चौधरी, विजय यादव, विराट जायसवाल, मानव सिंधु और साहब युवराज सिंह।


