Sunday, August 30, 2026
Google search engine
HomeDelhiसाउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने रचा इतिहास, सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 7 विकेट...

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने रचा इतिहास, सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 7 विकेट से हराकर जीता DPL 2026 का खिताब

नई दिल्ली,साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स को सात विकेट से मात देकर दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। अरुण जेटली स्टेडियम में रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में साउथ दिल्ली की टीम ने 183 रन के लक्ष्य को महज 18.2 ओवर में 3 विकेट खोकर 186 रन बनाते हुए हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को अनमोल शर्मा ने मजबूत शुरुआत दिलाई। उन्होंने 42 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से शानदार 64 रन बनाए। इसके बाद अंकित डबास ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 61 रन की पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों का सामना किया और पांच चौके तथा चार छक्के लगाए।

#M44 (Final)
South Delhi Superstarz vs Central Delhi Kings of Adani Delhi Premier League T20 Season 3 at Arun Jaitley Stadium, New Delhi on 30th August 2026
©️Adimazes/ DPLT20
No Archive Allowed

कप्तान तेजस्वी दहिया ने भी जीत को आसान बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने महज 18 गेंदों में तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से तेजतर्रार 33 रन बनाए। वहीं एकांश डोभाल ने तीन गेंदों में नाबाद सात रन बनाकर छक्का जड़ते हुए साउथ दिल्ली को शानदार जीत दिला दी।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 182 रन बनाए। टीम की ओर से समर्थ सिंह ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 51 रन की बेहतरीन पारी खेली। कप्तान जोंटी सिद्धू ने भी 19 गेंदों में 36 रन बनाकर टीम के स्कोर को गति दी। उनकी पारी में तीन छक्के शामिल रहे।

युगल सैनी ने 29 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि पारी के अंतिम चरण में मनी ग्रेवाल ने सिर्फ सात गेंदों में 18 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के गेंदबाजों ने सेंट्रल दिल्ली को बड़ा स्कोर बनाने से रोकने की पूरी कोशिश की। दिवांश रावत सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 17 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। विजन पंचाल ने दो विकेट चटकाए, जबकि अंकित डबास, प्रशु विजयरण और अंशुमान हुड्डा को एक-एक सफलता मिली।

हालांकि फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के बल्लेबाजों का दबदबा साफ नजर आया। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने शुरुआत से ही तेज रन गति बनाए रखी और दबाव को खुद पर हावी नहीं होने दिया। अनमोल शर्मा की शानदार पारी ने नींव रखी, जबकि अंकित डबास और कप्तान तेजस्वी दहिया ने आक्रामक बल्लेबाजी से मुकाबला पूरी तरह साउथ दिल्ली के पक्ष में कर दिया।

सात विकेट की इस शानदार जीत के साथ साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने DPL 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली और टूर्नामेंट के तीसरे सत्र का शानदार समापन किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments