चंडीगढ़,पंजाब की समृद्ध संस्कृति और क्रिकेट के जुनून का शानदार संगम उस समय देखने को मिला, जब फाजिल्का फाल्कन्स ने मैनकाइंड फार्मा शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026, पावर्ड बाय पंजाब किंग्स के लिए अपनी आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुबमन गिल की अगुवाई वाली टीम की जर्सी का अनावरण होमलैंड रेगालिया में पीसीए सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर और होमलैंड ग्रुप के एमडी उमंग जिंदल ने किया।
इस मौके पर आगामी टूर्नामेंट को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह और पंजाब की जीवंत सांस्कृतिक पहचान एक साथ नजर आई। जर्सी को खास बनाने वाली सबसे बड़ी बात यह रही कि इसे खुद शुबमन गिल ने डिजाइन किया है। पंजाब की समृद्ध विरासत, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से प्रेरित यह डिजाइन फाजिल्का की भावना को दर्शाता है, साथ ही टीम को मैदान पर एक आधुनिक और अलग पहचान देता है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जर्सी लॉन्च होने से समारोह का महत्व और बढ़ गया। राष्ट्रीय खेल दिवस देश के खिलाड़ियों और खेलों में उनके योगदान को समर्पित है। ऐसे में यह आयोजन पंजाब में क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने और युवा खिलाड़ियों के लिए नए अवसर पैदा करने वाले इस टूर्नामेंट के लिए एक शानदार शुरुआत के रूप में सामने आया।
फाजिल्का फाल्कन्स के मालिक खुशप्रीत सिंह औलख ने कहा कि यह टीम और उससे जुड़े सभी लोगों के लिए बेहद खास अवसर है। उन्होंने कहा कि शुबमन गिल द्वारा स्वयं जर्सी डिजाइन किया जाना इसे और भी खास बनाता है, क्योंकि इसमें क्रिकेट और पंजाब की समृद्ध संस्कृति का मेल दिखाई देता है। जर्सी का डिजाइन पंजाब के गौरव, परंपराओं और जज्बे को दर्शाता है और टीम को अपनी अलग पहचान देता है।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों के लिए यह जर्सी केवल एक टीम किट नहीं, बल्कि उनकी संस्कृति, क्रिकेट के प्रति जुनून और उन युवा खिलाड़ियों के सपनों का प्रतीक है, जो टूर्नामेंट में मैदान पर उतरेंगे। राष्ट्रीय खेल दिवस पर जर्सी का अनावरण कर टीम को उम्मीद है कि पंजाब के लोग इससे जुड़ेंगे और पूरे टूर्नामेंट में फाजिल्का फाल्कन्स का उत्साह बढ़ाएंगे।
फाजिल्का फाल्कन्स की कमान शुबमन गिल के हाथों में होगी। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटरों को भी शामिल किया गया है। फ्रेंचाइजी अपनी पहली ही प्रतियोगिता में प्रभावशाली प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 का आयोजन 30 अगस्त से 13 सितंबर तक मोहाली के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम में होगा। लीग में छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी और कुल 27 मुकाबले खेले जाएंगे।
जर्सी के अनावरण के साथ ही टूर्नामेंट का रोमांच भी तेज हो गया है। अब फाजिल्का फाल्कन्स पंजाब के रंग, संस्कृति और क्रिकेटिंग गौरव को मैदान पर उतारने के लिए पूरी तरह तैयार है।


